PERC,TOPcon और HJT सोलर पैनल में क्या अंतर है..

Written By गौतम रवि

जब भी हम अपने घर या ऑफिस के लिए सोलर सिस्टम लगाने के बारे में सोचते हैं, तो सबसे पहला और महत्वपूर्ण उपकरण सोलर पैनल होता है। बाजार में जब हम किसी दुकानदार से सोलर पैनल के बारे में जानकारी लेते हैं, तो वह हमें कई प्रकार के सोलर पैनलों के नाम बताता है, जैसे Monocrystalline, PERC, TOPCon और HJT। एक अनुभवी सोलर विशेषज्ञ इन तकनीकों के बीच का अंतर आसानी से समझा देता है, लेकिन आम व्यक्ति के लिए इन शब्दों को समझना थोड़ा जटिल हो सकता है। इसी कारण, जब भी आप सोलर पैनल खरीदने जाएं, तो पहले इस लेख को अवश्य पढ़ें। इससे आपको विभिन्न सोलर पैनल तकनीकों की बेहतर समझ मिलेगी, सोलर विशेषज्ञ की बातों को समझना आसान होगा और आप अपनी जरूरत तथा बजट के अनुसार सही सोलर पैनल का चयन कर सकेंगे।

सौर ऊर्जा को बिजली में बदलने वाली मशीन को सोलर पैनल कहते हैं।

इस से पहले हमने अपने पिछले लेख मे Monocrystalline, Polycrystalline और Thin Film सोलर पैनल के बारे में बात की है उस लेख को यहाँ पर क्लिक कर के सोलर पैनल क्या है? पढ़ सकते हैं। इनके बारे में सरल भाषा में जानकारी दी है, जिससे आपको सोलर पैनलों की बुनियादी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।

अब जानते हैं PERC, TOPCon और HJT के बारे में..

वर्तमान समय में अधिकांश लोग अपने घरों और व्यवसायों के लिए PERC या TOPCon सोलर पैनल लगवा रहे हैं। वहीं HJT (Heterojunction Technology) सोलर पैनल अपनी उच्च दक्षता (Efficiency) के कारण तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

हालांकि HJT सोलर पैनलों की दक्षता PERC और TOPCon पैनलों की तुलना में अधिक होती है, लेकिन नई तकनीक और अपेक्षाकृत अधिक कीमत होने के कारण इनकी मांग अभी धीरे-धीरे बढ़ रही है। आने वाले वर्षों में HJT तकनीक सोलर उद्योग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

सोलर पैनल कैसे काम करता है

PERC Technology क्या है?

PERC (Passivated Emitter and Rear Cell) Solar Panel पिछले कुछ वर्षों में सबसे ज्यादा उपयोग की जाने वाली सोलर टेक्नोलॉजी में से एक रही है। यह पारंपरिक सोलर पैनलों की तुलना में बेहतर efficiency और performance प्रदान करती है। यह एक इम्प्रूव्ड Monocrystalline Technology है, जिसमें सोलर सेल के पीछे (rear side) एक खास परत (passivation layer) जोड़ी जाती है।

Traditional solar cells में light का एक हिस्सा पीछे से absorb नहीं हो पाता और energy loss हो जाता है।

लेकिन PERC technology में:

  • सोलर सेल के पीछे एक reflective/passivation layer होती है
  • यह विशेष परत सोलर पैनल पर पड़ने वाले प्रकाश में से, जो प्रकाश सोलर सेल द्वारा उपयोग नहीं हो पाता, उसे पीछे की परावर्तक परत (reflective/passivation layer) के माध्यम से वापस सेल के अंदर परावर्तित कर देती है। जिससे ज्यादा प्रकाश बिजली में convert होता है।
  • 👉 यह तकनीक “light trapping” और “reflection” पर आधारित होती है।

📊 PERC Solar Panel की विशेषताएं
  • 🔋 दक्षता : 20% – 22% (मॉड्यूल Efficiency, निर्माता के अनुसार अलग-अलग हो सकती है)
  • 🔄 Mono और Poly दोनों में उपलब्ध
  • ⏳ जीवनकाल: 25 साल
  • 📏 कम जगह में ज्यादा उत्पादन
  • 🌤️ कम रोशनी (Low Light) में भी बेहतर प्रदर्शन

TOPCon Technology क्या है?

TOPCon (Tunnel Oxide Passivated Contact) यह एक नई पीढ़ी (Next-Generation) की सोलर सेल टेक्नोलॉजी है, जो पारंपरिक PERC और Mono पैनलों से ज्यादा दक्ष (Efficient) और टिकाऊ होती है। अगर आप 2026–27 में नया सोलर सिस्टम लगाने की सोच रहे हैं, तो TOPCon को समझना बहुत जरूरी है।

इसमें एक बहुत पतली Ultra-thin Tunnel Oxide Layer(~1–2 nm) + polysilicon layer का उपयोग किया जाता है, जिससे बिजली उत्पादन बढ़ जाता है। यह संरचना इलेक्ट्रॉन्स को आसानी से गुजरने देती है और ऊर्जा के नुकसान (Recombination Loss) को कम करती है। इससे ज्यादा बिजली उत्पन्न होती है और efficiency बढ़ जाती है

आज के समय में TOPCon सबसे ज्यादा बिकने वाले सोलर पेैनल मे से एक है क्योकि यह कम धूप में भी PERC की तुलना में अधिक बिजली बनाता है। सोलर इंडस्ट्री में इस खूबी को 'Better Low-Light Performance' कहा जाता है, जिसका मतलब यही है कि जब धूप कम होगी, तो TOPCon और PERC दोनों पैनल ही कम बिजली बनाएंगे, लेकिन TOPCon फिर भी PERC से ज्यादा बिजली बनाने में आगे रहेगा।

गर्म और धूप वाले देशों (जैसे भारत) के लिए TOPCon काफी अच्छा है क्योंकि इसका टेंपरेचर कोफिशिएंट (Temperature Coefficient) बेहतर होता है जिसे आसान शब्दों में "गर्मी सहने की क्षमता" कहा जा सकता है।। लेकिन TOPCon सोलर पैनल की कीमत PERC से ज्यादा है। अगर बजट की समस्या नहीं है तो आप TOPCon सोलर पैनल लगवाकर कम जगह मे ज्यादा बिजली का उत्पादन कर सकते हैं।

📊 TOPCon Solar Panel की विशेषताएं
  • 🔋 दक्षता : 23% – 24% (व्यावसायिक मॉड्यूल)
  • ⚡ Low degradation (धीरे-धीरे खराब होता है)
  • ⏳ जीवनकाल: 25 साल +
  • 📏 कम जगह में ज्यादा उत्पादन
  • 🌤️ कम रोशनी (Low Light) में भी बेहतर प्रदर्शन
  • 🔥 गर्मी में कम नुकसान (Better temperature coefficient)

HJT Technology क्या है?

HJT Solar Panel (Heterojunction Technology) सोलर इंडस्ट्री की सबसे एडवांस और हाई-परफॉर्मेंस टेक्नोलॉजी में से एक है। खासकर दक्षता और टिकाऊपन के मामले में TOPCon से भी एक कदम आगे माना जाता है। HJT अभी प्रीमियम श्रेणी में है, लेकिन इसकी लोकप्रियता और मांग तेजी से बढ़ रही है।।इसकी दक्षता (Efficiency) लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है और यह 25% से अधिक तक पहुंच चुकी है। आने वाले समय में HJT, TOPCon तकनीक को कड़ी टक्कर देने की क्षमता रखता है।

HJT Solar Panel आज की सबसे उन्नत (Advanced) और उच्च-प्रदर्शन (High-Performance) सोलर तकनीकों में से एक है। यदि आपका बजट बेहतर है और आप उच्च प्रदर्शन (Best Performance) के साथ लंबे समय तक बेहतर रिटर्न चाहते हैं, तो HJT Solar Panel एक भविष्य के लिए सुरक्षित और समझदारी भरा निवेश (Future-Proof Investment) साबित हो सकता है।

इसमें दो अलग-अलग प्रकार के सिलिकॉन का उपयोग होता है:

  • Crystalline Silicon (c-Si)
  • Amorphous Silicon (a-Si)

इन दोनों को मिलाकर एक खास लेयर बनाई जाती है, जिससे बिजली उत्पादन ज्यादा और energy loss कम होता है।

📊 HJTSolar Panel की विशेषताएं
  • 🔋 दक्षता : 23% – 25% (व्यावसायिक मॉड्यूल)
  • ⚡ Low degradation (धीरे-धीरे खराब होता है)
  • ⏳ जीवनकाल: 25-30 साल +
  • 📏 कम जगह में ज्यादा उत्पादन
  • 🌤️ कम रोशनी (Low Light) में भी बेहतर प्रदर्शन
  • 🔥 गर्मी में कम नुकसान (Better temperature coefficient)
  • 📉 Degradation: बहुत कम (0.25–0.35%/year)
दक्षता का मतलब है कि सोलर पैनल पर गिरने वाली सूरज के प्रकाश को कितनी उपयोगी विद्युत ऊर्जा या बिजली में बदलता है।
Temperature Coefficient का अर्थ है कि तापमान बढ़ने पर सोलर पैनल की क्षमता कितनी कम होती है। जितना कम (कम नकारात्मक) Temperature Coefficient होगा, उतना ही पैनल गर्म मौसम में बेहतर प्रदर्शन करेगा।
Solar panel Degradation Rate का अर्थ है कि समय के साथ सोलर पैनल की बिजली उत्पादन क्षमता (Power Output) कितनी कम होती है। इसे आमतौर पर प्रतिवर्ष प्रतिशत (%) में मापा जाता है।

उदाहरण: अगर किसी सोलर पैनल की Degradation Rate 0.5% प्रति वर्ष है, तो 25 वर्षों के बाद भी वह अपनी शुरुआती क्षमता का लगभग 87–88% तक बिजली उत्पादन जारी रख सकता है।

सोलर पैनल के प्रकार
नोट:"ऊपर दिखाई गई इमेज AI द्वारा निर्मित है, इसमे गलती होने की संभावना है।"

निष्कर्ष

PERC, TOPCon और HJT तीनों ही आधुनिक सोलर पैनल तकनीकें हैं, लेकिन प्रत्येक की अपनी अलग विशेषताएँ और उपयोग हैं। यदि आपका बजट सीमित है, तो PERC एक अच्छा विकल्प हो सकता है। वहीं बेहतर दक्षता, कम रोशनी में अच्छा प्रदर्शन और लंबे समय तक बेहतर उत्पादन के लिए TOPCon आज सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक है। यदि आप सर्वोत्तम प्रदर्शन, कम Solar panel Degradation दर और भविष्य की उन्नत तकनीक चाहते हैं तथा आपका बजट अधिक है, तो HJT एक बेहतरीन निवेश साबित हो सकता है।

सोलर पैनल चुनते समय केवल उसकी कीमत पर ध्यान न दें, बल्कि उसकी दक्षता (Efficiency), वारंटी,कम या ज्यादा तापमान में प्रदर्शन (Temperature Coefficient), कम Solar panel Degradation Rate तथा निर्माता (Manufacturer) और ब्रांड की विश्वसनीयता पर भी ध्यान दें। यदि केवल कम कीमत के कारण किसी कम-विश्वसनीय कंपनी का सोलर पैनल खरीद लिया जाए, तो भविष्य में बिजली उत्पादन अपेक्षा से कम हो सकता है। इसके अलावा, किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में अच्छी सर्विस, स्पेयर पार्ट्स या वारंटी का लाभ प्राप्त करने में भी कठिनाई आ सकती है। इसलिए हमेशा किसी विश्वसनीय और स्थापित कंपनी का सोलर पैनल चुनें। सही तकनीक और भरोसेमंद निर्माता का चयन करने से आपका सोलर सिस्टम कई वर्षों तक बेहतर प्रदर्शन करेगा और बिजली के बिल में अच्छी बचत होगी।

अंततः, आपके लिए सबसे अच्छा सोलर पैनल वही है जो आपकी बिजली की आवश्यकता, उपलब्ध जगह और बजट के अनुरूप हो। सही जानकारी और उचित सलाह के साथ चुना गया सोलर पैनल आने वाले 25 वर्षों या उससे अधिक समय तक एक लाभदायक और पर्यावरण-अनुकूल निवेश साबित हो सकता है।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और शैक्षिक उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य किसी विशेष सोलर पैनल, ब्रांड, निर्माता या तकनीक की सिफारिश (Recommendation) करना नहीं है। सोलर सिस्टम खरीदने या किसी भी प्रकार का निवेश संबंधी निर्णय लेने से पहले अपनी आवश्यकता, बजट और स्थान के अनुसार किसी योग्य सोलर विशेषज्ञ या अधिकृत इंस्टॉलर से सलाह अवश्य लें।

अवश्य लें।

© 2026 टेकज्ञान | सभी अधिकार सुरक्षित
About Us | Contact Us | Privacy Policy | Disclaimer